
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कर्माटा बस्ती में बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर मुस्लिम समुदाय की ओर से धार्मिक जुलूस निकाला गया। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी मुस्लिम समुदाय का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे पैगंबर हजरत मुहम्मद की पैदाइश की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर समुदाय के लोगों ने धार्मिक उत्साह के साथ पर्व मनाया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। जुलूस करमाटांड़ बस्ती से शुरू होकर कर्माटा बाजार, गणपत महतो चौक होते हुए भारतीय स्टेट बैंक के समीप से गुजरते हुए पुनः बस्ती पहुंचा। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग हाथों में धार्मिक झंडे लेकर शामिल हुए। इस दौरान लोग धार्मिक नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जुलूस के समापन के बाद समुदाय के लोगों की ओर से भोजन एवं प्रसाद का वितरण किया गया। इसमें बिरयानी, चावल, खीर, पुलाव सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन लोगों के बीच बांटे गए। लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की बधाई दी और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर लोगों ने पैगंबर हजरत मुहम्मद की शिक्षाओं को याद करते हुए इंसानियत, प्रेम, दया और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी को लेकर कर्माटांड़ क्षेत्र में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाते हुए सभी के सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।




