वार्ड 38 में पार्षद की अगुवाई में रोपे गए 1600 फलदार पौधे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली l वार्ड क्रमांक 38 तुलसी में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर 1600 फलदार पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण कार्यक्रम वार्ड पार्षद एवं अपीलीय समिति सदस्य नगर पालिक निगम सिंगरौली अनिल कुमार वैश्य (एडवोकेट) की अगुवाई में आयोजित किया गया। पौधरोपण से क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं शुद्ध वायु उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर पार्षद श्री अनिल कुमार वैश्य ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वार्ड में 1600 फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने वार्डवासियों से पौधों की देखभाल करने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। कार्यक्रम में महेंद्र सिंह, श्री रोशन लाल, जीरोंजी लाल सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।



