खैरथल
चुनाव तैयारियों को लेकर आरओ एवं प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने सोमवार को आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला सचिवालय, खैरथल-तिजारा में आरओ, एआरओ एवं विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग की दिशा सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी आरओ, एआरओ एवं प्रकोष्ठ प्रभारियों को अपने-अपने दायित्वों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, मतदान सामग्री, ईवीएम, बैटरी लेवल, बैलेट पेपर, परिवहन एवं संचार व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के संधारण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी आरओ को निर्देशित किया कि मतदान कक्ष के अंदर किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी अथवा फोटोग्राफी की अनुमति नहीं है। इस संबंध में निर्धारित प्रावधानों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
जिला कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी प्रकोष्ठ आपसी समन्वय एवं प्रभावी संचार के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर समस्या या तकनीकी कठिनाई सामने आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने प्रकोष्ठ प्रभारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी किशनगढ़बास सत्यवीर सिंह सहित संबंधित प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी आरओ भी मौजूद रहे।
