
गणेश उत्सव, जल विहार, विश्वकर्मा जयंती, अनंत चतुर्दशी
जैन पर्यूषण पर्व व ग्यारहवीं शरीफ को लेकर तैयारियों की समीक्षा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में गणेश उत्सव, जल विहार, विश्वकर्मा जयंती, अनंत चतुर्दशी, जैन पर्यूषण पर्व एवं ग्यारहवीं शरीफ सहित आगामी त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस मार्गों और पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लगातार पेट्रोलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अराजक एवं शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने विद्युत वितरण खंड एवं जल संस्थान के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद एवं पंचायती राज विभाग को विशेष सफाई अभियान चलाने तथा प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने को कहा गया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात प्रभारी को आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी, जल निगम, जल संस्थान, विद्युत, नगर पालिका सहित संबंधित अधिकारियों को जल विहार के प्रमुख मार्गों का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों को दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आजाद चौक से तालाबपुरा जाने वाले मार्ग सहित सभी जुलूस मार्गों के गडढों को भरवाने के भी निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं एवं जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, समाज के पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों को आगामी त्योहारों को लेकर कहा कि ललितपुर की आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की परंपरा को हर हाल में बनाए रखा जाए। उन्होंने जनसामान्य से त्योहारों को शांति, संयम, आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। एएसपी कालू सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचनाएं प्रसारित कर माहौल बिगाडऩे का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के साझा न करने की अपील की। बैठक में एडीएम नमामि गंगे संजय कुमार, सीएमओ डा.वीरेन्द्र सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, डीपीआरओ, अधिशासी अधिकारी, डीपीआरओ, विद्युत, जल निगम, जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



