सिंगरौली
एसडीएम देवसर के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 से हटाया गया अतिक्रमण
नौढ़िया और देवसर बाजार में कार्रवाई, सड़क सीमा से हटाए गए अनधिकृत निर्माण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। देवसर बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 के किनारे लंबे समय से किए गए अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। अतिक्रमण को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
एसडीएम देवसर के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं संबंधित विभागों के अमले ने तहसील देवसर के ग्राम नौढ़िया और देवसर बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा में किए गए अनधिकृत निर्माण एवं अन्य अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान सड़क सीमा में किए गए अतिक्रमण को हटाकर मार्ग के दोनों ओर का क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासन की कार्रवाई से राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। विशेष रूप से देवसर बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण उत्पन्न यातायात संबंधी समस्याओं और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और शासकीय भूमि की सीमा में किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण अथवा अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को ऐसे क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और शासकीय भूमि की सीमा में अतिक्रमण न करें तथा यातायात और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें।


