
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली : खंड विकास कार्यालय कैराना में गुरुवार को खंड विकास अधिकारी रोहित शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन के ‘फैमिली आईडी—एक परिवार, एक पहचान’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक परिवार की फैमिली आईडी बनाने के कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिन परिवारों के राशन कार्ड पहले से बने हुए हैं, उनका राशन कार्ड ही फैमिली आईडी के रूप में कार्य करेगा। वहीं, जिन परिवारों की फैमिली आईडी अभी नहीं बनी है, उनका डाटा तैयार कर प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाना है। फैमिली आईडी के माध्यम से प्रदेश के सभी परिवारों का एक समेकित डाटा तैयार किया जाएगा। इससे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में पात्र परिवारों का चयन आसान होगा और उन्हें योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा। खंड विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों को निर्देश दिए कि अभियान में तेजी लाते हुए गांव-गांव परिवारों का डाटा पूरा कराया जाए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य को समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में सभी ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों ने 15 सितंबर तक फैमिली आईडी बनाने का लक्ष्य पूरा करने का आश्वासन दिया।बैठक में एडीओ पंचायत राहुल पंवार, एडीओ राजीव कुमार, श्रम विभाग से मुनव्वर जंग, ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक और खंड विकास कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।


