विद्युत विभाग व विजिलेंस की संयुक्त टीमों ने की छापेमारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : बिजली बिल का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने बुधवार सुबह सख्त कार्रवाई की। विद्युत विभाग और विजिलेंस शामली की संयुक्त टीम ने केरटू बिजली उपकेंद्र क्षेत्र के विभिन्न गांवों में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर बकायेदार उपभोक्ताओं की जांच की। टीम की अचानक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
> अभियान के दौरान टीम ने बिड़ौली सादात, जेनपुर तिसंग, म्यान कस्बा सहित आसपास के अन्य गांवों में पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन और बकाया बिलों की जांच की। जांच के दौरान बड़े बकायेदारों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई। विभागीय टीम ने 22 बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए, जबकि करीब 155 बकायेदारों को जल्द से जल्द बिजली बिल जमा करने की चेतावनी दी गई। एसडीओ जितेंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, वे समय रहते अपना भुगतान जमा कर दें। चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ कनेक्शन विच्छेदन के साथ विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने केवल बकाया बिलों की ही जांच नहीं की, बल्कि बिजली चोरी की रोकथाम को लेकर भी विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने की अपील की। एसडीओ जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में चले अभियान में प्रमोद कुमार, बिट्टू कुमार, रविंद्र कुमार, विजेंद्र कुमार सहित विद्युत विभाग और विजिलेंस शामली की टीम के कर्मचारी मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बकायेदारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



