राम भरोसे कांधला नगर पालिका!
एक माह से EO नदारद, सफाई निरीक्षक भी फोन उठाने से गाफिल—बंदरों के आतंक से जनता बेहाल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। एक ओर बंदरों के बढ़ते आतंक से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर पालिका प्रशासन की कथित लापरवाही ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। आरोप है कि नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी (EO) करीब एक माह से कार्यालय में मौजूद नहीं हैं, जिसके चलते कई जरूरी प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
कस्बे में सफाई व्यवस्था और बंदरों के आतंक की शिकायतों को लेकर जब नागरिक एवं सभासद जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास करते हैं तो सफाई निरीक्षक द्वारा फोन नहीं उठाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि बंदरों के हमले में आए दिन लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
सभासदों में भी रोष
पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर सभासदों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण प्रमाण पत्र, सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्य सहित कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए पालिका कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सभासदों ने शासन-प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर नगर पालिका में नियमित रूप से अधिकारी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, बंदरों के आतंक और सफाई व्यवस्था की समस्या का तत्काल समाधान कराने तथा लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।



