ग्राम प्रधान को रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला करने के आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
सिखेड़ा गांव में घटना से तनाव

पीड़ित प्रधान ने प्रधान प्रत्याशी समेत कई लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के तीन दिन बाद भी पीड़ित को आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । थाना पिलखुवा क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ा में ग्राम प्रधान अब्बास के साथ मारपीट और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान अब्बास ने गांव निवासी उस्मान और उसके साथियों पर रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों, सरिया और धारदार हथियारों से हमला करने, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप की तहरीर दी थी जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है ।
ग्राम प्रधान अब्बास द्वारा थाना पिलखुवा में दी गई तहरीर के अनुसार घटना 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9:40 बजे की है। आरोप है कि वह गांव में एजाज पुत्र फिदा हुसैन के घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपी उस्मान समेत कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रधान अब्बास का आरोप है कि हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं तथा उनका दांत भी टूट गया है । मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर पड़े, इसके बावजूद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट जारी रखी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। जाते समय जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ग्राम प्रधान ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
ग्राम प्रधान अब्बास की तहरीर पर पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने आरोपियों उस्मान पुत्र मकसूद , माजिद पुत्र उस्मान , नन्हे पुत्र इस्लाम और जीशान पुत्र सगीर निवासीगण गांव सिखेड़ा सहित आठ से दस अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं पीड़ित अब्बास का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाये ।
पिलखुवा सीओ मुनेश चंद्रा के अनुसार, पीड़ित ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल अब्बास का मेडिकल कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर धारायें बढ़ाकर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
हालांकि अब एक बड़ा सवाल सामने आया है कि पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी कब होगी , जबकि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं ?



