बरेली
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में दो दिवसीय कोलोप्रोक्टोलॉजी कॉन्फ्रेंस एवं वर्कशॉप का समापन
वर्कशॉप में डेढ़ दर्जन से अधिक मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय कोलोप्रोक्टोलॉजी कॉन्फ्रेंस एवं ट्रेनिंग वर्कशॉप का रविवार को समापन हो गया। दूसरे दिन डेढ़ दर्जन से अधिक मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन किए गए, जो रेक्टल प्रोलैप्स, ग्रेड-3 बवासीर, पेरिअनल एब्सेस, एनल फिशर, फिस्टुला और पाइलोनाइडल साइनस जैसी तकलीफों से जूझ रहे थे।
इंटरनेशनल सोसायटी ऑफ कोलोप्रोक्टोलॉजी (आईएससीपी) के पूर्व प्रेसिडेंट डॉ. प्रशांत रहाटे, एकेडमिक कन्वीनर डॉ. दिनेश शाह, सेक्रेटरी डॉ. नीरज गोयल, ज्वाइंट सेक्रेटरी डॉ. मधुकर पाई, डॉ. अंशुल शाह, डॉ. एसके निगम, डॉ. कल्याण कर, डॉ. अंकुर बंसल, डॉ. जितेन चौधरी और डॉ. मधुबाला ने ऑपरेशन किए। ऑपरेशन का लाइव टेलीकास्ट ऑडिटोरियम में किया गया, जिससे मौजूद चिकित्सकों को तकनीक समझने का मौका मिला।
वर्कशॉप चेयरमैन एवं जनरल, लेप्रोस्कोपिक व रोबोटिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. एसके सागर ने बताया कि रविवार सुबह 8.30 बजे से ऑपरेशन शुरू हुए। दीप चंद तिवारी का रेक्टल प्रोलैप्स का ऑपरेशन डॉ. प्रशांत रहाटे ने चिवेट्स सैक्रोरेक्टोपेक्सी विधि से किया। तालिब कुरैशी के ग्रेड-3 बवासीर का ऑपरेशन डॉ. दिनेश शाह ने किया। श्यामाचरण के पेरिअनल एब्सेस और दीपक सिंह के एनल फिशर का ऑपरेशन भी किया गया। भगंदर (फिस्टुला) से पीड़ित छविनाथ, धौली देवी, जलीस अहमद, बाबू राम, जगदीश चंद्र, सुरेंद्र सिंह और इंदर पाल का ऑपरेशन फिस्टुलेक्टोमी, लेजर और लिफ्ट तकनीक से किया गया। मोहित कुमार की ग्रेड-2 बवासीर का लेजर से, आरिश अहमद के पाइलोनाइडल साइनस का लेजर एक्सीजन से और नैनिका की बवासीर का एमआईपीएस विधि से ऑपरेशन हुआ।
इस अवसर पर एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर आदित्य मूर्ति, एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के बरेली चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. कौशल कुमार, सेक्रेटरी डॉ. सुजॉय मुखर्जी, वर्कशॉप सेक्रेटरी डॉ. अमित सिंह सहित बड़ी संख्या में डेलीगेट्स और पीजी छात्र मौजूद रहे।




