कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नावाडीह पहुंचे डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो
छात्राओं से की मुलाकात और बढ़ाया मनोबल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, नावाडीह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता एवं छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
विद्यालय पहुंचने पर विधायक श्री महतो ने छात्राओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनके साथ संवाद करते हुए पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य एवं विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से बातचीत के दौरान विधायक ने उन्हें मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बेटियां केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज और देश की ताकत हैं। आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी बेटी के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बेटियां अपने सपनों को साकार कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
विधायक ने छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आपमें से हर एक के भीतर आगे बढ़ने और कुछ बड़ा करने की क्षमता है। अपने लक्ष्य को ऊंचा रखिए, कठिन परिस्थितियों से घबराइए मत और पूरी ईमानदारी से मेहनत कीजिए।इस दौरान उन्होंने विद्यालय की समस्याओं और छात्राओं की आवश्यकताओं को भी गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
विधायक जयराम कुमार महतो ने कहा कि बच्चियों की शिक्षा और उनके सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य से जुड़ा हर विषय उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को आकार देने का केंद्र है और यहां उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड अध्यक्ष देवनारायण महतो, विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी, अनंतलाल महतो सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।




