शामली
क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, मचा हड़कंप
कागजात नहीं मिलने पर तीन दिन में अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को कस्बे में संचालित क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही कई संचालकों में खलबली मच गई। इस दौरान कुछ क्लीनिक और मेडिकल स्टोर के शटर बंद मिले। नोडल अधिकारी डाॅ. दीपक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने बिडौली बस स्टैंड समेत कस्बे के विभिन्न स्थानों पर संचालित क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों की जांच की। टीम ने चिकित्सकों एवं संचालकों के पंजीकरण, आवश्यक अनुमति और अन्य अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान जिन संचालकों के पास आवश्यक प्रपत्र मौके पर उपलब्ध नहीं थे, उन्हें तीन दिन का समय दिया गया। अधिकारियों ने निर्धारित अवधि में संबंधित अभिलेख स्वास्थ्य विभाग के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण की जानकारी कस्बे में फैलते ही कई संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए। नोडल अधिकारी डाॅ. दीपक चौधरी ने बताया कि क्लीनिक और मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। जिन संचालकों के पास आवश्यक अभिलेख नहीं हैं, उन्हें तीन दिन के भीतर कागजात प्रस्तुत करने होंगे। निर्धारित समय में अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



