
स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पांच दिन में बरामदगी न होने पर धरने की चेतावनी दी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। कस्बे की एकता नगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी करीब 14 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ झिंझाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस को दी तहरीर में सुनील पुत्र इंद्रपाल निवासी एकता नगर कॉलोनी, काली मंदिर ने बताया कि 14 सितंबर की शाम करीब छह बजे उसकी 14 वर्षीय बेटी को सुऐब पुत्र इसरार निवासी मोहल्ला शेखामैदान कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि सोनू उर्फ फरमान, अहसान और इमरान पुत्रगण इसरार ने किशोरी को ले जाने में सहयोग किया। पिता ने पुलिस से किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है । पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। मामले को लेकर स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताया है। उन्होंने दावा किया कि किशोरी के परिजनों ने उनसे संपर्क किया है और परिवार की ओर से धर्मांतरण की आशंका जताई गई है। हालांकि, पुलिस को दी गई तहरीर में धर्मांतरण का आरोप दर्ज नहीं है। स्वामी यशवीर महाराज ने शामली पुलिस प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से विशेष टीम गठित कर किशोरी को सकुशल बरामद कराने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर किशोरी बरामद नहीं हुई तो वह पीड़ित परिवार के साथ झिंझाना में संबंधित युवक के घर के बाहर धरने पर बैठेंगे। क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


