गोड्डा

खेल सुविधाओं के विस्तार एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों के समग्र विकास को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य शाखा/जिला खेल कार्यालय से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं खिलाड़ियों को बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न प्रस्तावों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई। इस क्रम में जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान तथा गोड्डा कॉलेज स्थित खेल मैदान के जीर्णोद्धार एवं आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप उन्नयन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसी क्रम में पोड़ैयाहाट प्रखंड में पूर्व से निर्मित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम के विस्तारिकरण की रूपरेखा एवं इससे संबंधित आवश्यक कार्यों की समीक्षा की गई। जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु प्रस्तावित 2.50 एकड़ भूमि की उपलब्धता एवं चयन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में महागामा प्रखंड स्थित जय नारायण +2 उच्च विद्यालय परिसर में नए खेल मैदान के निर्माण से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष जोर
बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने तथा वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर भी विस्तार से समीक्षा की गई। ‘श्रेणी-D’ के अंतर्गत अधिसूचित 6 प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के प्राप्त तकनीकी प्राक्कलनों पर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने हेतु प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इन प्रमुख स्थलों में माधुरी प्राचीन दुर्गा मंदिर, पोड़ैयाहाट, मुलर्स टैंक तालाब, गोड्डा, चिहारी पीठ, पथरगामा, महड़ी धाम शिव मंदिर, गोड्डा, बकसरा दुर्गा मंदिर, पोड़ैयाहाट, सिंहवाहिनी मंदिर, गोड्डा आदि शामिल हैं।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन एवं खेल से जुड़ी सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, खेल सुविधाओं के विस्तार से जिले के युवाओं एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने संबंधित शाखाओं एवं विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि स्वीकृत योजनाओं का लाभ आम नागरिकों एवं जिले के युवाओं को शीघ्र प्राप्त हो सके। बैठक में जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो सहित जिला पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य शाखा/जिला खेल कार्यालय के संबंधित अन्य पदाधिकारीगण एवं कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button