गोड्डा
बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बेहतर प्रदर्शन कर सकें विद्यार्थी : लोकेश मिश्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, गोड्डा की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, आधारभूत संरचना, सुरक्षा व्यवस्था एवं विद्यालय के सुचारू संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने JEE Advanced एवं NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, आवश्यक शैक्षणिक संसाधन एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को विषयवार शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं का नियमित आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने डिजिटल एवं आधुनिक शिक्षण संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धी वातावरण में अध्ययन का अवसर मिल सके। बैठक में विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधायुक्त खेल मैदान विकसित एवं निर्मित कराने तथा इंडोर खेलों की सुविधा के लिए इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। साथ ही प्रार्थना सभा एवं विद्यालयीय कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थायी एवं सुरक्षित स्टेज तथा विभिन्न सामूहिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बहुउद्देशीय हॉल (Multipurpose Hall) के निर्माण पर भी विचार-विमर्श किया गया।
विद्यालय में आधुनिक एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आवश्यक कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड/इंटरएक्टिव पैनल उपलब्ध कराने के संबंध में भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों को बेहतर तरीके से समझने तथा तकनीक आधारित शिक्षण का लाभ प्रदान करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने खेलकूद, डिजिटल शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने पर भी जोर दिया। बैठक में प्राचार्य रजनीश कमल प्रसाद, डॉ. विजय पासवान, डॉ. मनीष दुबे, प्रज्ञा चौधरी, अल्बेनुस मरांडी, डॉ. एस.सी. शर्मा, डी.सी. झा, प्रभात कुमार, कार्यपालक अभियंता आदि उपस्थित थे।



