गोड्डा
किसानों की आय बढ़ाने और बेहतर बाजार से जोड़ने पर जोर
पथरगामा एफपीओ की चतुर्थ वार्षिक आमसभा आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की चतुर्थ वार्षिक आमसभा शुक्रवार को पथरगामा स्थित भगत बगीचा में आयोजित की गई। आमसभा में कंपनी के सदस्यों, निदेशक मंडल, मास्टर ट्रेनर, कैडर सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि गतिविधियों को मजबूत करने और उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में गोड्डा की पूर्व जिला परिषद सदस्य कल्पना देवी, कृषि विज्ञान केंद्र के हेड साइंटिस्ट डॉ. रविशंकर, डॉ. सूर्यभूषण, बीटीएम पथरगामा पवन कुमार कापरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अतिथियों ने पथरगामा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी द्वारा किसानों को संगठित कर कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने किसानों को उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, विपणन और बेहतर बाजार से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य करने की आवश्यकता बताई। वार्षिक आमसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी गई। इसके अलावा आगामी कार्ययोजना, कंपनी के व्यवसायिक विकास तथा किसानों के हित में संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों से सुझाव भी लिए गए। कार्यक्रम के दौरान स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया।
पथरगामा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी का मुख्य उद्देश्य किसानों को संगठित कर कृषि उत्पादन, विपणन एवं व्यवसायिक गतिविधियों को मजबूत करना तथा किसानों को बेहतर बाजार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। मौके पर प्रदान संस्था की ओर से राजेश कुमार, देवानंद, राजा सहित काफी संख्या में महिला दीदी मौजूद थे।




