शामली
सीआईएसएफ में उपनिरीक्षक बने रितिक गहलोत, झिंझाना का नाम किया रोशन
13 माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर संभालेंगे नई जिम्मेदारी, हैदराबाद में हुआ दीक्षांत समारोह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। कस्बे के भाजपा जिला आईटी सहसंयोजक रवि गहलोत के पुत्र रितिक गहलोत ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उपनिरीक्षक बनकर परिवार और कस्बे का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा एकेडमी में आयोजित दीक्षांत समारोह में रितिक ने 13 माह का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।समारोह में रितिक के पिता रवि गहलोत, माता अरुणा गहलोत और बहन तनु गहलोत भी मौजूद रहे। बेटे के उपनिरीक्षक बनने पर परिवार में खुशी का माहौल रहा। परिजनों ने रितिक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।रितिक गहलोत ने 18 अगस्त 2025 को हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा एकेडमी में प्रशिक्षण शुरू किया था। करीब 13 माह के प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने अनुशासन, शारीरिक दक्षता, सुरक्षा व्यवस्था, कानून और ड्यूटी से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब वह सीआईएसएफ में उपनिरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।रितिक ने प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई कस्बे के एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल से की। इंटरमीडिएट की परीक्षा में उन्होंने विद्यालय में टॉप कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी से बीएससी की पढ़ाई पूरी की। रितिक की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शिक्षकों और कस्बेवासियों ने खुशी जताई। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर रितिक ने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश भी है।


