गाजियाबाद
लोनी में गणपति बप्पा की विदाई पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
नाईपुरा बिजली घर से निकली भव्य विसर्जन शोभायात्रा, यमुना तट पर विधि-विधान से किया गया प्रतिमाओं का विसर्जन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को लोनी क्षेत्र में भगवान श्री गणेश की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। हिंदू रक्षा दल के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की।
शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह करीब 10 बजे नाईपुरा स्थित बिजली घर से विधि-विधान एवं महाआरती के साथ हुआ। यात्रा में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भगवा गमछे धारण किए श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा में भगवान गणेश की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।

