बालाघाट

जनविश्वास अभियान के तहत व्यापारियों और कर विशेषज्ञों से संवाद

जीएसटी से जुड़ी समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन, कर प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। जनविश्वास अभियान के अंतर्गत वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा शुक्रवार को बालाघाट में व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों, कर सलाहकारों, टैक्स अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) एवं अकाउंटेंट्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जीएसटी से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा करदाताओं की व्यावहारिक समस्याओं को सुना गया।
कार्यक्रम में वाणिज्यिक कर विभाग, जबलपुर परिक्षेत्र के अपर आयुक्त सपन कुमार सोनटके ने व्यापारियों, कर सलाहकारों एवं कर विशेषज्ञों से जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाओं और उनके क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान प्रतिभागियों ने जीएसटी अनुपालन, कर प्रक्रियाओं तथा अन्य संबंधित विषयों से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
अपर आयुक्त सोनटके ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके यथासंभव शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि करदाताओं एवं कर सलाहकारों को जीएसटी संबंधी प्रक्रियाओं में आ रही कठिनाइयों के समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर राज्य कर सहायक आयुक्त सरिता सिरसाम ने कहा कि विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम एवं फोरम आयोजित किए जाते रहेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर सलाहकारों, सीए, टैक्स अधिवक्ताओं, व्यापारियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य कर प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाना तथा करदाताओं और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
कार्यक्रम में टैक्स बार एसोसिएशन बालाघाट के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, संदीप नेमा, संजय बाफना, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के अध्यक्ष भवानीशंकर टेकड़ीवाल, थोक व्यापारी संगठन की ओर से दिलीप कारड़ा सहित व्यापारी, कर सलाहकार एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button