
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बोर्डर क्षेत्र की गुलाब वाटिका कालोनी स्थित श्री नव धार्मिक रामलीला कमेटी के रामलीला स्थल पर आज विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित पूजन के साथ ही रामलीला आयोजन की तैयारियों का आज शुभारंभ किया गया। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का स्मरण किया और रामलीला के सफल आयोजन की कामना की।
भूमि पूजन कार्यक्रम नगरपालिका परिषद के सभासद अंकुश जैन मिकू ने रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मिलकर किया। पंडित विनय कुमार शास्त्री ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए भूमि पूजन की सभी रस्में पूरी की गईं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को स्मरण करते हुए रामलीला के आयोजन को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता से जोड़ने पर जोर दिया। भूमि पूजन में विनोद कुमार नैन, संजय कुमार अग्रवाल, महीपाल जांगिड़, हरिओम शर्मा, इन्द्र पाल जांगिड़ नरेंद्र कश्यप , पंकज त्यागी,सतीश तूफान सहित दर्जनों पदाधिकारी उपस्थित थे

