गाजियाबाद
नुक्कड़ सभाओं के जरिए लोनी की राजनीति में बदलाव की तैयारी: मनोज धामा
राम पार्क एक्सटेंशन में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष का स्वागत, उपस्थित लोगों को विकास कार्यों में तेजी लाने का दिया आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल के नेता एवं लोनी के पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज धामा ने कहा कि छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाएं जनसंपर्क का माध्यम बनने के साथ ही लोनी की राजनीति में बदलाव की आधारशिला साबित होंगी। जनता की भागीदारी से संगठित होकर क्षेत्र की राजनीतिक दिशा और दशा बदलने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
रविवार को नगरपालिका परिषद के वार्ड-29 स्थित राम पार्क एक्सटेंशन में कॉलोनीवासियों की ओर से आयोजित नुक्कड़ सभा में मनोज धामा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए मनोज धामा ने कहा कि क्षेत्रवासियों ने उन्हें और उनके परिवार को जो स्नेह एवं सम्मान दिया है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने उनके समक्ष जो समस्याएं रखी हैं, उनके शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने वार्ड में चल रहे विकास कार्यों को पहले से अधिक गति देने का भी आश्वासन दिया।आगामी चुनावों का उल्लेख करते हुए धामा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार जनता की सबसे बड़ी ताकत है। आने वाला समय राजनीतिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। ऐसे में लोगों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ सभाओं के जरिए लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर जनसमर्थन को एकजुट किया जाएगा। उनके अनुसार, सामूहिक प्रयासों से लोनी की राजनीति में बदलाव की दिशा तय होगी।
सभा में जय भगवान, अनिल त्यागी, बिजेंद्र कौशिक, विजेंद्र भारद्वाज, बालेश्वर, पप्पू भगत, नीरज, सुनील, प्रदीप कुमार, प्रीतम गिरि, धर्मराज सैनी, सुशील पंडित, जया देवी, रेखा चौधरी, नीतू चौधरी और राजरानी देवी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

