असम के विश्वनाथ मेडिकल कॉलेज व अस्पताल जल्द खुलेगा
स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंहल ने किया निरीक्षण।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा विस्तार के मार्ग में एक और महत्वपूर्ण कदम के रूप में विश्वनाथ मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (विश्वनाथ चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय) शीघ्र ही जनता के लिए खोलने की तैयारी में है। शनिवार को राज्य के स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के मंत्री अशोक सिंहल ने नवनिर्मित संस्थान का निरीक्षण कर समग्र तैयारियों का जायजा लिया। मंत्री ने शैक्षिक भवन, प्रशासनिक भवन, पुस्तकालय, छात्र-छात्राओं के आवास, नर्सिंग स्टाफ आवास तथा चिकित्सकों के आवास सहित संस्थान की विभिन्न आंतरिक-संरचनात्मक सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही संस्थान को चालू करने के लिए ली गई व्यवस्थाओं और संचालन से जुड़े विविध पहलुओं के बारे में अधिकारियों द्वारा दी गई पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में अशोक सिंहले ने कहा कि निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और बहुत जल्द इसे जनता की सेवा के लिए खोल दिया जाएगा। यह संस्थान असम का 16वाँ मेडिकल कॉलेज होगा और इसके चालू होने से विशेषकर विश्वनाथ जिले तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी। मंत्री ने आगे बताया कि राज्य में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार के सरकारी प्रयास जारी हैं; वर्तमान में 10 मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य चल रहे हैं तथा चार और कॉलेजों के निर्माण कार्या शीघ्र आरम्भ किए जाएंगे। हाल ही में बोंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 15वाँ मेडिकल कॉलेज घोषित किया गया था और अब विश्वनाथ का कॉलेज जल्द ही 16वाँ बनेगा।उन्होंने यह भी कहा कि इन नए मेडिकल कॉलेजों के माध्यम से अधिक प्रशिक्षित डॉक्टर और कुशल मानव संसाधन तैयार होंगे, जिससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाएँ मजबूत होंगी और मुख्यमंत्री के हर जिले में डॉक्टर नियुक्त करने के लक्ष्य को साकार करने में मदद मिलेगी।विश्वनाथ मेडिकल कॉलेज निरीक्षण के बाद मंत्री ने जिले के स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में भी हिस्सा लिया, जिसमें मातृ-स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, और समग्र स्वास्थ्य संकेतकों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. मनोज चौधरी, जिला संयुक्त स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. योगेन चंद्र बे, विश्वनाथ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हिरण्य बोरा, विश्वनाथ जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. रिपन चुटिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मातृ-शिशु मृत्युदर घटाने, उच्च जोख़िम गर्भधारणों की समय रहते पहचान, गुणवत्तापूर्ण प्रसूति सेवाएँ सुनिश्चित करने और प्रसव दर बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों से सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ वास्तविक हकदारों तक पहुंचे और संबंधित विभाग संयोजन के साथ ज़िम्मेदारीपूर्वक काम करें।



