जीएस मेडिकल कॉलेज में अब ओएई (OAE) और बीईआरए (BERA) जांच की सुविधा शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । पिलखुवा स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ईएनटी विभाग में सुनने से जुड़ी समस्याओं की जांच के लिए (OAE) ओटोअकॉस्टिक एमिशन और ( BERA ) ब्रेनस्टेम इवोक्ड रिस्पॉन्स ऑडियोमेट्री जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं शुरू की गई हैं। यह सुविधा नवजात शिशुओं से लेकर वयस्कों तक सभी उम्र के मरीजों के लिए उपलब्ध होगी।
ईएनटी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अभय कुमार सिंह ने बताया कि सुनने की समस्या का समय रहते पता लगना बेहद महत्वपूर्ण है। विशेषकर बच्चों में शुरुआती जांच से सुनने की क्षमता से जुड़ी समस्या का समय पर पता लगाकर उचित उपचार और आवश्यक प्रबंधन किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में इन आधुनिक जांच सेवाओं को किफायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक मरीज इसका लाभ उठा सकें।
जांच के लिए विभाग की ऑडियोलॉजी विंग में अनुभवी ऑडियोलॉजिस्ट रंजीत गोस्वामी की सेवाएं ली जा रही हैं। उनके द्वारा OAE और BERA टेस्ट की जांच की जा रही है।
कान से कम सुनाई देने, जन्मजात बहरेपन की आशंका अथवा सुनने से संबंधित किसी भी समस्या वाले मरीज जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के ईएनटी विभाग में संपर्क कर इन जांच सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।



