शामली
खाद्य प्रसंस्करण से स्वरोजगार की दी जानकारी
मालेंडी में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित, इकाई स्थापना पर 35 प्रतिशत अनुदान की जानकारी दी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र शामली की ओर से उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के अंतर्गत मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना को लेकर ग्राम पंचायत मालेंडी में दो दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान अंशु जाखड़ ने फीता काटकर किया। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों को लेखन सामग्री भी वितरित की गई।
ग्राम प्रधान ने कहा कि योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर ग्रामीण युवा-युवतियां खाद्य प्रसंस्करण की लघु इकाई स्थापित कर स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। इससे उन्हें रोजगार मिलने के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षक लोकेश कुमार ने कृषि उत्पादों, खाद्यान्न, दलहन एवं तिलहन से प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार करने की जानकारी दी। उन्होंने जैम, जेली, टमाटर सॉस, चटनी, स्क्वैश और अचार आदि बनाने की प्रक्रिया समझाई।
पीएमएफएमई योजना के डीआरपी बिजेंद्र गिरी ने बताया कि योजना के तहत कम पूंजी में खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित की जा सकती है। परियोजना लागत का 35 प्रतिशत, अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। उन्होंने मसालों को सुखाने, पीसने और पैकिंग करने के साथ इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।