सेवा संकल्प अभियान के तहत अटल चौक परिसर में स्वच्छता अभियान, गांधी जयंती पर बापू को किया नमन
Cleanliness drive held at Atal Chowk complex under the 'Seva Sankalp Abhiyan'; homage paid to Bapu on Gandhi Jayanti.
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी, पाकुड़ की ओर से “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को पाकुड़ नगर स्थित अटल चौक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। “सेवा मेरा योगदान” एवं “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल चौक परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को भी स्वच्छ कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने अटल चौक परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई करते हुए लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। मौके पर भाजपा जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी, अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, कार्यालय मंत्री सुशील शाह, दिलीप सिंह, बासु मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाया जाने वाला सामाजिक दायित्व है। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। उनके स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने घर के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति भी जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ही “सेवा संकल्प अभियान” का उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से गंदगी नहीं फैलाने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की अपील की। वही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पाकुड़ के गांधी चौक स्थित बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के विचारों को स्मरण किया। भाजपा जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी देश और समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही समाज और राष्ट्र को बेहतर बनाया जा सकता है।



