भरत पुर
कमालपुरा में कबड्डी का रोमांच, महतोली और पथेना ने मारी बाजी
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन, जिला परिषद सदस्य पप्पू राम मीना ने प्रदान की पुरस्कार राशि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर। उपखंड के गांव कमालपुरा में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महतोली और पथेना की टीमों ने जीत हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी और बुजुर्गों, युवाओं तथा बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
महतोली और पथेना बनीं विजेता
प्रतियोगिता के दौरान महतोली और रामगढ़ के बीच हुए मुकाबले में महतोली की टीम विजयी रही। वहीं कमालपुरा और पथेना के बीच खेले गए मुकाबले में पथेना की टीम ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में पुरस्कार स्वरूप 7100, 4100 और 2100 रुपये की राशि जिला परिषद सदस्य पप्पू राम मीना, दीवली की ओर से प्रदान की गई।
तीन दिन तक चला खेलों का उत्साह
कमेटी संयोजक विष्णु गुर्जर ने बताया कि तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की कई टीमों ने भाग लिया। कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। ग्रामीणों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
युवा मंडल ने संभाली व्यवस्था
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में युवा मंडल के सदस्यों ने सहयोग किया। कमेटी में रामप्रवेश फौजदार, कुलदीप, इंद्रजीत, बचूं, राकेश फौजदार, विष्णु फौजदार, मनीष जांगिड़, गोलू फौजदार, गौरव मुकट, सुनील फौजदार, गब्बर, कन्हैया, रोहित, दीपक गुर्जर और अभिषेक जाटव सहित अन्य युवाओं ने व्यवस्थाओं की देखरेख की।

