यूजी सेमेस्टर-7 के नामांकन में तकनीकी समस्या, तिथि बढ़ाने की मांग
Technical issues in UG Semester-7 enrollment; demand to extend the deadline.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बरहरवा, साहेबगंज। बीएसके महाविद्यालय, बरहरवा में यूजी सेमेस्टर-7 (सत्र 2022-26) के ऑनलाइन नामांकन में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान और नामांकन की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल एवं विद्यार्थियों ने कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर के नेतृत्व में प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल को ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई ने बताया कि नामांकन पोर्टल पर Username-Password बनाने और Reset करने में परेशानी के साथ भुगतान प्रक्रिया में भी तकनीकी समस्या आ रही है। कई विद्यार्थियों को शुल्क जमा किए बिना ही “You have already paid admission fee for the selected semester” का Error दिख रहा है। वहीं, भुगतान के बाद भी SabPaisa Receipt उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थी असमंजस में हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि तकनीकी समस्याओं का 24 घंटे के भीतर समाधान कर नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए, ताकि कोई विद्यार्थी तकनीकी कारणों से नामांकन से वंचित न हो। एनएसयूआई ने समाधान नहीं होने पर छात्रहित में आंदोलन की चेतावनी भी दी। प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल ने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन समस्या को लेकर गंभीर है। तकनीकी टीम से दूरभाष पर बातचीत की गई है और जल्द समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नामांकन की तिथि बढ़ाने को लेकर भी चर्चा चल रही है। मौके पर कॉलेज सचिव वसीम अकरम, एनएसयूआई सदस्य रमजान शेख, अनिकेत कर्मकार, उज्जवल कुमार यादव, महजूरा खातून, रितु कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


