सिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल में बिजनेस एक्सीलेंस असेसमेंट 2025-26 का शुभारंभ

उत्कृष्टता, सतत विकास और नवाचार पर जोर, सीआईआई-एक्सिम बैंक असेसमेंट के तीसरे संस्करण की शुरुआत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। भारत के प्रमुख विद्युत संयंत्रों में शामिल एनटीपीसी विंध्याचल में विश्वस्तरीय उत्कृष्टता, सतत विकास और हितधारकों के लिए मूल्य सृजन की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की दिशा में सीआईआई-एक्सिम बैंक बिजनेस एक्सीलेंस असेसमेंट 2025-26 के तीसरे संस्करण का शुभारंभ मंगलवार को मैत्री सभागार में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता ने किया।इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधन से महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश, महाप्रबंधक (टीएस एवं प्रोजेक्ट) देबब्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम) निर्मल कुमार सिंह सहित एसएमसी सदस्य, विभागाध्यक्ष, शैडो ऑफिसर्स तथा विभिन्न यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
असेसमेंट टीम का हुआ स्वागत
बिजनेस एक्सीलेंस असेसमेंट टीम का नेतृत्व मुख्य असेसर डॉ. कल्याण कृष्णमूर्ति ने किया। टीम में डॉ. कामाक्षी रमन, मनाश बनर्जी, मोहम्मद नवशाथ अली, डॉ. अंजनाभ भट्टाचार्य एवं वेणुगोपाल एस. शामिल रहे। सभी असेसर्स का पारंपरिक रूप से शॉल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।
स्वागत संबोधन में कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने कहा कि “उत्कृष्टता एक यात्रा है, मंजिल नहीं।” उन्होंने निरंतर सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि असेसमेंट प्रक्रिया के दौरान प्राप्त फीडबैक से एनटीपीसी विंध्याचल की परिचालन एवं प्रबंधकीय क्षमताओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी विंध्याचल की लीगेसी फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद उप महाप्रबंधक (ईईएमजी) राम सेवक जायसवाल ने देश में बदलते विद्युत क्षेत्र, एनटीपीसी की प्रमुख उपलब्धियों और विंध्याचल की अभिनव प्रचालन एवं अनुरक्षण प्रक्रियाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
कार्बन-टू-मेथनॉल परियोजना पर विशेष जोर
प्रस्तुति के दौरान विंध्याचल की कार्बन-टू-मेथनॉल परियोजना को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। इसे सतत ऊर्जा समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस हरित नवाचार पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
मानव संसाधन और सीएसआर पहलों की प्रस्तुति
उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कामना शर्मा ने मानव संसाधन क्षेत्र में अपनाई जा रही विभिन्न उत्कृष्ट पहलों की जानकारी दी। प्रस्तुति में कर्मचारी कल्याण, कौशल विकास और नेतृत्व प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों को प्रमुखता से शामिल किया गया।इस दौरान एनटीपीसी विंध्याचल की प्रमुख सीएसआर पहल बालिका सशक्तीकरण अभियान पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। वीडियो के माध्यम से समुदाय के सशक्तीकरण और सामाजिक उत्थान के प्रति परियोजना की प्रतिबद्धता को दर्शाया गया।
निरंतर सुधार से ही उत्कृष्टता संभव
समापन अवसर पर मुख्य असेसर डॉ. कल्याण कृष्णमूर्ति ने एनटीपीसी विंध्याचल के कर्मचारियों के उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ना निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जो नवाचार, दृढ़ता और लगातार सुधार पर आधारित होती है।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने एनटीपीसी विंध्याचल की परिचालन उत्कृष्टता, सतत विकास और हितधारकों के लिए मूल्य सृजन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।सीआईआई-एक्सिम बैंक बिजनेस एक्सीलेंस असेसमेंट का यह आयोजन एनटीपीसी विंध्याचल में उत्कृष्टता की संस्कृति को निरंतर मजबूत करने तथा वैश्विक स्तर की प्रबंधन एवं परिचालन प्रणालियों को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button