मथुरा
ट्रक में घुसा टेंपो, महिला की मौत चार घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। थाना जैंत के अंतर्गत चौधरी ढाबा के सामने सवारियां लेकर मथुरा से दिल्ली की ओर जा रहा एक टेंपो सड़क किनारे खड़े ट्रक से अनियंत्रित होकर टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी घायलों को तत्काल सौ-शय्या अस्पताल वृंदावन पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान एक करीब 55 वर्षीय अज्ञात महिला ने दम तोड़ दिया। सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे एक टेंपो मथुरा से सवारियां भरकर दिल्ली की दिशा में जा रहा था। जैसे ही टेंपो चौधरी ढाबा के सामने पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ढाबा संचालक व राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे के बाद टेंपो सवारों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना जैत से उप निरीक्षक रामदेव शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो में फंसे लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में मधु (34) बड़ेरा थाना राया, गोपाल (38) निवासी जावली थाना शेरगढ़, लोकेश (24) ग्राम बड़ेरा थाना राया, जमुनाप्रसाद (40) निवासी खानपुर थाना छाता और एक करीब 55 वर्षीय अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को सौ-शय्या संयुक्त अस्पताल वृंदावन भिजवाया, जहां परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने अज्ञात महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।



