गाजियाबाद
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भीषण हादसा
डंपर से टकराईं दो कारें, सेना के अधिकारी समेत पांच लोग सुरक्षित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मंडोला चौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा डंपर से टकराने के बाद एक के पीछे एक दो कारें आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, गाड़ियों में लगे एयरबैग खुलने से सेना के एक अधिकारी और उनके चालक समेत पांच लोगों की जान बच गई। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
डंपर से टकराने के बाद दूसरी कार भी भिड़ी
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 11:30 बजे ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंडोला चौकी के पास हुआ। सेना के एक अधिकारी एमजी हेक्टर कार से देहरादून से दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन जा रहे थे। उन्हें वहां से ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान हाईवे पर उनकी कार आगे चल रहे हाइवा डंपर से टकरा गई।
पहली टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही मारुति सुजुकी कार भी अनियंत्रित होकर एमजी हेक्टर से जा भिड़ी। दोनों वाहनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में कारों के अगले और पिछले हिस्से बुरी तरह पिचक गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मंडोला चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त कारों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। गाड़ियों के एयरबैग समय पर खुलने के कारण सेना के अधिकारी, उनके चालक और दूसरी कार में सवार लोगों को गंभीर चोटों से बचाव मिला। सभी पांच लोगों के सुरक्षित बचने से मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
हाईवे पर लगा जाम, डंपर चालक की तलाश
हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कारों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।
ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

