कानपुर

रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज में प्रभात फेरी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : गंगा उत्सव के अवसर पर आज नमामि गंगे, कानपुर के तत्वावधान में रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज, बिठूर द्वारा गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम जिला परियोजना अधिकारी श्री शशांक शुक्ला जी के सानिध्य, मार्गदर्शन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।
प्रभात फेरी का शुभारंभ रजोल मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों एवं जागरूकता संदेशों के माध्यम से आमजन को गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में विद्यालय परिसर में गंगा उत्सव के अंतर्गत एक विशेष गंगा स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में निधि मैम ने विद्यार्थियों को गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि ऐसी मूर्तियों का गंगा में विसर्जन नहीं करना चाहिए, जो पानी में आसानी से घुलनशील नहीं होतीं। आजकल मूर्तियों के निर्माण में कई ऐसे पदार्थों एवं रसायनों का प्रयोग किया जाता है, जो जल को प्रदूषित करते हैं और जलीय जीवों के लिए भी हानिकारक होते हैं। इसलिए गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए हमें जिम्मेदार व्यवहार अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं पोस्टर तैयार कर गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण से जुड़े संदेश दिए। प्रभात फेरी और पोस्टर अभियान के माध्यम से बच्चों ने समाज को यह संदेश दिया कि गंगा की स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर रॉयल ग्रुप के चेयरमैन रोहित मिश्रा ने कहा कि बच्चों को पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। छोटी-छोटी जागरूक पहल भविष्य में बड़े सकारात्मक बदलाव का आधार बन सकती हैं।कार्यक्रम में निखिल बाजपेई, ऋषभ श्रीवास्तव,नवीन पटेल एवं शिव प्रताप सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का संदेश दिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button