उत्तरकाशी

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सीमांत गांव ओसला का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

उत्तरकाशी : जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विकासखंड मोरी के सीमांत ग्राम पंचायत ओसला का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग से ओसला मंदिर परिसर तक सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया गया कि इस मार्ग के निर्माण से मंदिर तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्र में पर्यटन एवं ट्रैकिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने परीक्षण कराकर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने स्कीइंग गतिविधियों के संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पर्यटन अधिकारी से वार्ता कर क्षेत्र को होम स्टे योजना एवं ट्रेकिंग ट्रैक्शन योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि इस समस्या पर प्रभावी रोकथाम के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय संसाधनों और विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और ग्रामीणों की आर्थिकी को मजबूती मिले।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button