खेत बचाओ अभियान के तहत नावाडीह में जिला स्तरीय रबी कार्यशाला आयोजित
उन्नत खेती, बीज संरक्षण एवं फसल सुरक्षा की दी गई जानकारी, सैकड़ों किसानों ने लिया भाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर शुक्रवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार की ओर से खेत बचाओ अभियान-सह-जिला स्तरीय रबी कार्यशाला 2026-27 का आयोजन नावाडीह स्थित कृषक पाठशाला में किया गया। कार्यशाला में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों को रबी फसलों की बेहतर पैदावार, उन्नत कृषि तकनीक, बीज संरक्षण एवं फसल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नावाडीह प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, पशुपालन विभाग की उप निदेशक नीरा सविता जोजो, कृषि वैज्ञानिक सुषमा सरोज बाखला एवं नावाडीह प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी दामोदर स्वरूप उपस्थित थे। वहीं एटीएम कुलदीप कुमार एवं विनोद कुमार जायसवाल तथा बीटीएम नवीन कुमार, संतोष कुमार और संदीप कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान अतिथियों एवं कृषि विभाग के पदाधिकारियों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, रबी फसलों की समय पर बुआई, गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा फसलों को रोग एवं कीटों से बचाने के उपाय बताए। कृषि वैज्ञानिक ने उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग और बेहतर फसल उत्पादन के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।
वक्ताओं ने कहा कि खेती में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ा सकते हैं। किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर कृषि उत्पादन में वृद्धि करना तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाना रहा।
सैकड़ों किसानों ने लिया भाग
कार्यशाला में सुनीता देवी, ममता देवी, गुलाबी देवी, अनवर अंसारी, मधु महतो, सुनील महतो, हेमन्ती देवी, नारा देवी एवं मुन्ना महतो सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में किसानों को कृषि एवं फसल उत्पादन से संबंधित जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तथा संचालन आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव वासुदेव शर्मा ने की।




