कैराना
नमाज पढ़ने जा रहे पूर्व सभासद पर जेनलेवा हमले में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के मोहल्ला अफगानान में नमाज पढ़ने जा रहे पूर्व सभासद पर घात लगाकर चाकू और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया था।हमले में सभासद गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित सभासद की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला अफगानान निवासी पूर्व सभासद सुकेब खां पुत्र नजीबुर्रहमान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले का ही मुकीम पुत्र घसीटा उससे पुरानी रंजिश रखता है। आरोप है कि शनिवार की शाम करीब पांच बजे वह नमाज पढ़ने के लिए घर से निकल रहा था। तभी पहले से घात लगाए बैठे मुकीम, उसका पुत्र सोनू उर्फ शाहनवाज और एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू और तलवार से हमला कर दिया था। पीड़ित सभासद का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के नफीस व अफजाल सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। आरोप है कि जाते समय आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद घायल सभासद ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
