गाजियाबाद
लोनी में शादी में गया परिवार
पीछे से घर का ताला तोड़ 5 लाख से ज्यादा की चोरी; नगदी, जेवर व लैपटॉप लेकर बदमाश फरार
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र की जवाहर नगर कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का ताला तोड़कर करीब 3.30 लाख रुपये की नगदी समेत लगभग 5 से 6 लाख रुपये का कीमती सामान समेट कर फरार हो गए। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार घर में ताला लगाकर शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों से जानकारी के अनुसार बिट्टू उर्फ महेश पिछले करीब 30 वर्षों से गुलाब वाटिका चौकी क्षेत्र की जवाहर नगर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। बीती रात वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर चंदन वाटिका में अपनी बेटी के शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने खाली मकान को निशाना बनाते हुए घर का ताला तोड़ दिया और घर में रखे सामान को लेकर फरार हो गए सुबह जब परिवार के लोग शादी से वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला देखकर हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व अन्य जगहों से कीमती सामान गायब था। इसके बाद परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़ित गृहस्वामी बिट्टू के अनुसार चोरी में लैपटॉप, गैस सिलेंडर, सोने-चांदी के जेवरात, भात में आई नगदी, कीमती सामान से भरे तीन बैग और करीब 3.30 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई है। पीड़ित के मुताबिक कुल नुकसान करीब 5.30 लाख रुपये का बताया जा रहा है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। हालांकि अभी तक घटना के संबंध में उन्हें कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
उधर पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल चोरी में कितना सामान गया है और घर से क्या-क्या सामान गायब है, इसकी पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

