ललितपुर

शहर में ई-रिक्शा पर शिकंजा

सत्यापन को लेकर यातायात पुलिस का सघन अभियान, नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर में लगातार बढ़ रही ई-रिक्शा की संख्या और उससे उत्पन्न हो रही यातायात अव्यवस्था को देखते हुए यातायात पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर शहर भर में ई-रिक्शा के सत्यापन और नियमों के पालन को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बिना पंजीकरण, बिना नंबर प्लेट, बिना वैध दस्तावेज और निर्धारित रूट का उल्लंघन कर चल रहे ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह तथा यातायात क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा की जा रही है। उनके निकट पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चला रहे हैं। अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि ई-रिक्शा चालक निर्धारित रूट का पालन कर रहे हैं या नहीं। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को चेतावनी देने के साथ-साथ उनके खिलाफ चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से शहर में ई-रिक्शा की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे कई स्थानों पर यातायात जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। कई चालक बिना सत्यापन और आवश्यक दस्तावेजों के ई-रिक्शा संचालित कर रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को भी खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाया जा सके। यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। उन्हें निर्धारित रूट पर ही वाहन चलाने, ओवरलोडिंग न करने और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस का उद्देश्य शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है, ताकि आम नागरिकों को जाम और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button