
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम बमरोला निवासी एक व्यक्ति ने लेखपाल पर चकबंदी की नकल देने के नाम पर अवैध रूप से रुपये लेने और बाद में अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। पीड़ित ने मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बमरोला निवासी मुलायम पुत्र स्व.शिवलाल ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका गांव चकबंदी क्षेत्र में आता है। आरोप है कि मौजा देहा के लेखपाल प्रवेन्द्र यादव से पहले चकबंदी की नकल ली थी, जिसके बदले लेखपाल ने उससे रुपये ले लिए थे। पीडि़त का कहना है कि 11 अगस्त 2025 को जब उसने एक खाते की नकल मांगी तो लेखपाल ने दोबारा खर्चा देने की बात कही। इस पर पीडि़त ने बताया कि वह पहले ही रुपये दे चुका है और उसके पास अतिरिक्त पैसे नहीं हैं। आरोप है कि इस बात पर लेखपाल ने उसे डांटकर भगा दिया और अभद्र व्यवहार किया। पीडि़त ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर संबंधित लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने और लिए गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है।
