ईदगाह मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का आश्वासन, लाउडस्पीकर व सोशल मीडिया को लेकर भी दिए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। आगामी ईद-उल-फितर को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। बुधवार को कैराना कोतवाली में पुलिस अधिकारियों ने मुस्लिम धर्मगुरुओं व गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में सीओ हेमंत कुमार ने कहा कि कैराना हमेशा से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें और मिलजुलकर ईद का त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सार्वजनिक मार्ग बाधित न हों।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और जल्द ही ईद का त्योहार मनाया जाएगा। ऐसे में सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आपातकालीन वाहनों के आवागमन में कोई बाधा न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा से अधिक न रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी साझा न करने की भी अपील की। जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना ताहिर ने कहा कि कैराना में हमेशा से सभी त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं और इस बार भी ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ईदगाह में नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में मार्ग पर लगने वाली दुकानों को हटवाने और व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की गई है।पुलिस प्रशासन ने ईदगाह मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने का आश्वासन दिया। बैठक में नगर की प्रमुख मस्जिदों के पेश इमाम, गणमान्य लोग और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
