नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। नगर के मोहल्ला खैलखुर्द स्थित इमाम गेट चौराहे पर मुख्य नाले और सार्वजनिक सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कराकर अतिक्रमण हटवाने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला बिसातियान निवासी सलीम चौधरी पुत्र गय्यूर ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि इमाम गेट चौराहे पर शहर के मुख्य नाले के ऊपर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर रखा ह।आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने नाले के ऊपर लोहे का जाल डालकर वहां ठेलियां लगवा दी हैं और स्वयं भी उसी स्थान पर ठेला संचालित करता है। शिकायत में कहा गया है कि नाले के ऊपर ठेलियां लगाए जाने के कारण चौराहे पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही नाले पर अतिक्रमण होने के कारण उसकी नियमित सफाई भी नहीं हो पा रही है, जिससे गंदगी और जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति दबंग प्रवृत्ति का है। यदि कोई उससे अतिक्रमण हटाने के लिए कहता है तो वह गाली-गलौज करते हुए धमकी देता है।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नाले से अवैध अतिक्रमण हटवाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है। इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि डीजीपी, कमिश्नर सहारनपुर, जिलाधिकारी शामली और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कैराना को भी भेजी गई है।
