बेतुल
बैतूल नाम नरेंद्र, काम सरेंडर, गैस संकट और महंगाई पर बैतूल में कांग्रेस ने किया बड़ा प्रदर्शन
महंगाई, गैस संकट और ट्रेंचिंग ग्राउंड घोटाले के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

नरेंद्र भी गायब सिलेंडर भी गायब जैसे नारे लगाकर सरकार को घेरा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत और स्थानीय स्तर पर ट्रेंचिंग ग्राउंड घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बैतूल में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल के नेतृत्व में 13 मार्च को जिला उद्योग केंद्र के सामने धरना देकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र सरेंडर हो गया, नरेंद्र भी गायब सिलेंडर भी गायब जैसे नारे लगाकर सरकार को घेरा और महंगाई व गैस संकट को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
सुबह 11 बजे जिला उद्योग केंद्र के सामने आयोजित इस धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा, प्रदेश सचिव समीर खान और नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं भी इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। धरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई और गैस सिलेंडरों की किल्लत को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
खाली सिलेंडर और भट्टी से जताया आक्रोश
धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली गैस सिलेंडर और भट्टी पर चाय की गंजी रखकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि रसोई गैस के दाम बढ़ने और सिलेंडरों की कमी के कारण आम लोगों की रसोई पर संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि जिस गैस सिलेंडर को सरकार ने कभी उज्ज्वला योजना के नाम पर गरीबों तक पहुंचाने का दावा किया था, आज वही सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है।
विदेश नीति पर भी सरकार को घेरा
श्री डागा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत विदेश नीतियों के कारण देश में ईंधन संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक संकट के दौर में भारत सरकार की रणनीति पूरी तरह विफल साबित हो रही है। इसका सीधा असर देश में एलपीजी गैस की उपलब्धता और कीमतों पर दिखाई दे रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सरकार को पहले से स्थिति का आकलन कर कदम उठाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
लोग कतारों में, सरकार बयानबाजी में
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज देश के कई हिस्सों में लोग गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार इस संकट को स्वीकार करने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आम जनता महंगाई से जूझ रही है और सरकार इस मुद्दे पर ठोस समाधान देने में विफल साबित हो रही है।
ट्रेंचिंग ग्राउंड घोटाले की जांच की भी मांग
कांग्रेस नेताओं ने इस प्रदर्शन के माध्यम से बैतूल के ट्रेंचिंग ग्राउंड से जुड़े कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर कई जनसमस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार इन मुद्दों को गंभीरता से नहीं ले रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
– धरना प्रदर्शन में यह रहे शामिल
कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा, प्रदेश कांग्रेस सचिव समीर खान,सहित कांग्रेस कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल रहे




