प्रहरी मेला में खोरठा सांस्कृतिक संध्या, गीत-संगीत पर झूमे दर्शक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। कसमार प्रखंड के खैराचातर में भूतपूर्व सरपंच स्वर्गीय सुरेश जायसवाल की पुण्यतिथि पर सामाजिक-सांस्कृतिक जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय प्रहरी मेला के पांचवें दिन शनिवार की रात खोरठा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन खैराचातर के पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल एवं मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने फीता काटकर किया.
कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. खोरठा के लोकप्रिय कलाकार अशोक कुमार महतो, शेखर शरदेंदु और हबीब नाज ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया. उनके गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते और थिरकते रहे. वहीं शशि, चंदा, स्वीटी और चाहत कुमारी सहित अन्य कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिये.
कार्यक्रम को जीवंत बनाने में मानू देव, प्रभाष नायक और जितेंद्र कुमार ने वाद्य यंत्रों पर संगत दी.
इस अवसर पर रामसेवक जायसवाल ने कहा कि पिछले 26 वर्षों में प्रहरी मेला इस क्षेत्र की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुका है. यह मेला लोगों को जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय कला और संस्कृति को मंच प्रदान करता रहा है. कार्यक्रम का संचालन दीपक सवाल ने किया.
मौके पर बगदा के पूर्व मुखिया विष्णुचरण महतो, मेला कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम महतो, कोषाध्यक्ष पंकज जायसवाल, संयोजक अशोक कुमार सिंह, सुनील कुमार कपरदार, उमेश कुमार जायसवाल, डॉ. जीतलाल महतो, विष्णु जायसवाल, राहुल महतो, सुंदरलाल घासी, यूनुस अंसारी, रोमेल अंसारी, प्रेमचंद महतो, अंकुश जायसवाल, विनीत जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, मथुरा महतो सहित कई लोग मौजूद थे.


