असम

असम विधानसभा चुनाव 2026

निर्वाचन आयोग ने किया राज्य में पांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एक विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त।

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

असम : अप्रैल को होने जा रहें असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को राज्य में पांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त करने के साथ ही एक विशेष निर्वाचन पर्यवेक्षक की नियुक्ति की है। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से आयोग ने यह महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। आयोग द्वारा राज्य के मुख्य सचिव को भेजे निर्देश में कहा गया है कि इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभावी किया जाए तथा 17 मार्च तक सभी नए अधिकारी अपने कर्तव्यों का भार ग्रहण कर रिपोर्ट दें। भारतीय पुलिस सेवा की सोमालिन शुभदर्शिनी को माजुली का एसएसपी, आर. शौताल कुमार को दक्षिण शालमारा का एसएसपी, आंचल चौहान को सदिया का एसएसपी, सुधाकर सिंह को चिरांग जिले का एसएसपी तथा मोहन लाल मीणा को धेमाजी का एसएसपी नियुक्त किया गया है।  आयोग ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में हटाए गए पूर्व अधिकारियों को चुनाव समाप्त होने तक कोई चुनाव संबंधी जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाएगी। आयोग ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनजित सिंह को असम चुनाव के लिए विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वे राज्य में चुनावी तैयारियों और प्रबंधन की समीक्षा के लिए बार-बार दौरा करेंगे तथा आवश्यक कदम उठाने के लिए आयोग को रिपोर्ट देंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पर्यवेक्षक को सभी प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। चुनाव घोषणा के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।  नीतिगत घोषणाओं और निर्णयों पर यह केंद्रीय एवं राज्य सरकारों दोनों पर लागू होगा। चुनाव प्रचार के दौरान हर नागरिक की गोपनीयता सुरक्षित रखना अनिवार्य है तथा बिना गृहस्वामी की सहमति के निजी संपत्ति पर राजनीतिक पोस्टर, बैनर या झंडे लगाना प्रतिबंधित है। असम की 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा तथा 4 मई को मतगणना होगी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सत्ताधारी बीजेपी गठबंधन और सत्ता वापसी के इरादे से उतरने वाली कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। 2021 चुनाव में बीजेपी, असम गण परिषद और यूपीपीएल की एनडीए गठबंधन ने 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी तथा मतदान प्रतिशत लगभग 86.2 रहा था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button