
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने कैराना क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 48 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया, जबकि क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मंगलवार को मंडलायुक्त सहारनपुर की प्रेरणा व प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीना के निर्देश पर एमडीए की टीम ने अभियान चलाया। सहायक अभियंता हितेश कुमार गुप्ता व अवर अभियंता विनय कुमार गर्ग के नेतृत्व में टीम कैराना पहुंची और खैलकलां व कैराना बाईपास क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर कार्रवाई शुरू कर दी। प्राधिकरण के अनुसार, खैलकलां में इमरान पुत्र सलामतुल्ला द्वारा करीब 20 बीघा और शाहदीन पुत्र नूरा द्वारा लगभग 26 बीघा भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी। वहीं कैराना बाईपास पर लोकेश गोयल, राजीव मलिक व सन्नी जैन द्वारा करीब 2 बीघा भूमि पर व्यावसायिक प्लॉटिंग विकसित की गई थी। बताया गया कि संबंधित कॉलोनाइजरों को पहले ही नोटिस देकर चेतावनी दी गई थी और ध्वस्तीकरण के आदेश भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद एमडीए ने सख्ती दिखाते हुए प्लॉटिंग, आंतरिक सड़कों व अन्य निर्माण कार्यों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अर्जुन चौहान, लेखपाल विजित सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। किसी भी विरोध की आशंका के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। देर शाम तक बुलडोजर चलता रहा और क्षेत्र में हलचल बनी रही। एमडीए अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना नक्शा पास कराए निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अवैध प्लॉटिंग में निवेश करने से बचें, अन्यथा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
