जालौन
रामपुरा में सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था, नवविवाहितों को दी गई खराब मिठाई
80 जोड़ों का विवाह संपन्न, लेकिन अनियमितताओं पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुरा (जालौन)। विकास खंड कार्यालय रामपुरा में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 80 जोड़ों ने एक-दूजे का हाथ थामकर सात फेरे लिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक मूलचन्द्र निरंजन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह उपस्थित रहे।
सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को विवाह जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी में सहयोग प्रदान करना है। लेकिन रामपुरा में आयोजित इस कार्यक्रम में गंभीर अनियमितताएं सामने आने से योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों को वितरित की गई मिठाइयों में गुणवत्ता की भारी कमी देखने को मिली। कई जोड़ों और उनके परिजनों ने शिकायत की कि मिठाई के डिब्बे खोलते ही उसमें से दुर्गंध आने लगी तथा कुछ मिठाइयों पर फंगस लगी हुई थी। यह देखकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति आक्रोश भी व्यक्त किया गया। केवल मिठाई ही नहीं, बल्कि वर-वधू को दिए गए अन्य उपहारों में भी खानापूर्ति किए जाने के आरोप लगे हैं। लोगों का कहना है कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे योजना के उद्देश्य पर ही प्रश्नचिह्न लग गया। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि “गलती से खराब मिठाई कार्यक्रम में आ गई थी, जिसे तत्काल बदलवा दिया गया है।” हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में आयोजित कार्यक्रम में इस प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। गौरतलब है कि इस सामूहिक विवाह का आयोजन विकास खंड अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में किया गया था। लेकिन आयोजन में सामने आई अव्यवस्थाओं के कारण योजना की छवि धूमिल होती नजर आ रही है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।


