पाकुड़ में आगामी पर्वों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व सौहार्द पर जोर, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम, सादे लेवास में प्रशासन मुस्तैद
District Peace Committee meeting in Pakur regarding upcoming festivals, emphasis on security and harmony, arrangements for tight security, administration ready in simple attire

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 18 मार्च बुधवार को रामनवमी, गुड फ्राइडे, ईस्टर, ईद, सरहुल एवं चैती दुर्गापूजा के मद्देनजर पाकुड़ के कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने की। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, शांति व्यवस्था, जनसुविधा और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। शांति समिति के सदस्यों से सुझाव प्राप्त किए गए और समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया। उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों को पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अफवाहों और फेक न्यूज से बचने, सोशल मीडिया पर सूचना साझा करने से पहले सत्यापन करने तथा निर्धारित जुलूस मार्ग का पालन करने पर जोर दिया। साथ ही, जुलूसों में शराब एवं आपत्तिजनक गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रमुख पर्वों के दौरान लगभग 370 पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर ली गई है और सोशल मीडिया निगरानी के लिए विशेष टीम सक्रिय रहेगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष, सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से त्योहार मनाने में सहयोग करने की अपील की।



