पाकुड़ पुलिस को मिले 11 नए पेट्रोलिंग वाहन, उपायुक्त व एसपी ने दिखाई हरी झंडी
Pakur Police gets 11 new patrolling vehicles, Deputy Commissioner and SP flagged them off

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 18 मार्च बुधवार को जिले में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए 11 नए पेट्रोलिंग बोलेरो वाहनों को बुधवार को समाहरणालय परिसर से विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने नारियल फोड़कर एवं हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। नए वाहनों के जुड़ने से पुलिस की कार्यक्षमता और आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन वाहनों से शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की पहुंच मजबूत होगी। नियमित पेट्रोलिंग, अपराध नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों में इनका उपयोग किया जाएगा, जिससे आमजनों में सुरक्षा की भावना और सुदृढ़ होगी। इन वाहनों को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जिससे कानून- व्यवस्था बनाए रखने में और मजबूती आने की उम्मीद है।



