रामपुर शाहबाद
कार सवारों पर धारदार हथियार से हमला,पुलिस ने तीन पर किया मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद थाना क्षेत्र में कार सवारों पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया और गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।शिकायतकर्ता रंजीत पुत्र झम्मन सिंह ने बताया कि 18 मार्च को वह रामपुर से अपने गांव चकरपुर कदीम लौट रहे थे। उनकी कार में संजीव, राजवीर और कमल भी सवार थे। जैसे ही वे गांव के शिव मंदिर के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद बलवीर, जयवीर और चंद्रपाल ने उनकी कार रोक ली।आरोपियों ने कार सवारों को कथित तौर पर गालियां दीं और धारदार हथियार से संजीव पर हमला कर दिया। उन्होंने रंजीत की ऑल्टो कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।हमलावर संजीव को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। रंजीत ने तुरंत शाहबाद थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



