मासिक अपराध समीक्षा बैठक सम्पन्न, त्यौहारों को लेकर एसपी का सख्त निर्देश
Monthly crime review meeting concluded, SP issued strict instructions regarding festivals.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में 18 मार्च 2026 को मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों और आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, जुलूस के दौरान ड्रोन से मॉनिटरिंग, जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन तथा पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही मार्ग में लटके बिजली के तार, क्षतिग्रस्त खंभे एवं पत्थर आदि को तत्काल हटाने तथा असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गये। अपराध समीक्षा के दौरान बताया गया कि फरवरी माह में दर्ज 55 मामलों के मुकाबले 63 मामलों का निष्पादन किया गया। शेष लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए सभी थाना और ओपी प्रभारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए बोलेरो वाहन एवं पूर्व में दिए गए मोटरसाइकिलों का उपयोग कर चोरी, गृहभेदन और छिनतई की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सघन पेट्रोलिंग और जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया। अवैध कोयला, पत्थर और बालू के उत्खनन व परिवहन के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, पिछले पांच वर्षों में संपत्ति संबंधी मामलों में दोषी अपराधियों को दागी पंजी में तथा पॉक्सो एवं अन्य मामलों के अपराधियों को गुंडा पंजी में दर्ज कर उन पर निगरानी रखने को कहा गया। लंबित पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र और परिवादों को समय सीमा के भीतर निष्पादित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।क्षबैठक में उपस्थित पुलिस अधिकारियों को एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों पर प्रशिक्षण दिया गया तथा परीक्षा भी आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया।



