रामपुर शाहबाद
ज़िलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 31 शिकायती पत्र प्राप्त हुए जिनमे 09 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहाबाद। शनिवार को ज़िलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील शाहबाद सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र भी उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 31 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान विद्युत, पूर्ति, चकबन्दी, समाज कल्याण, प्रोबेशन, जल निगम ग्रामीण, राजस्व आदि विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांग पत्र समाधान दिवस में प्राप्त हुए। समाधान दिवस के दौरान एक शिकायतकर्ता द्वारा नगर पंचायत शाहबाद के लिपिक पर एसीपी लागू न करने एवं वेतन निर्धारण न किए जाने की शिकायत पर संबंधित लिपिक का वेतन बाधित करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त तहसील शाहबाद के ग्राम मदारपुर में चकरोड पर अवैध कब्जा, ग्राम सागरपुर सैफनी में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा तथा ग्राम शाहदरा में नाले पर अतिक्रमण कर पेड़ लगाए जाने की शिकायतें भी प्राप्त हुईं। इन मामलों में राजस्व एवं पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर मुआयना कर निस्तारण कराने के निर्देश दिए। ज़िलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिकारी जन शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतें और प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाए। ज़िलाधिकारी ने कहा कि किसी भी शिकायत में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनका निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में सीएमओ डॉ दीपा सिंह, एसडीएम आशुतोष कुमार, सीओ देवकीनंदन, बीएसए कल्पना देवी, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, कोतवाल प्रदीप कुमार, बीडीओ धीरेन्द्र सिंह चौहान, सैफ़नी थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ मोहित रस्तोगी, एई मनोहर प्रसाद, पूर्ति निरीक्षक किशन लाल समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


