बरेली
एक झटका और पल भर में नाले के अंदर समा गया युवक, तलाश जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सैटेलाइट बस अड्डे के पास नाले में गिरे युवक की तलाश करीब 14 घंटे बीत जाने के बावजूद पूरी नहीं हो सकी। युवक के गड्ढे में गिरने के बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। मगर सीसीटीवी सामने आने के बाद युवक को नाले में गिरते साफ देखा जा सकता है। जो सीसीटीवी मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे का है। 26 सेकेंड के इस सीसीटीवी फुटेज में नाले की बाउंड्री पर बैठा युवक ऊंघता दिखा। अचानक युवक को झटका लगा और पल भर के अंदर नाले में जा गिरा। माना जा रहा है कि युवक नशे की हालत में रहा होगा। लिहाजा कब उसे झटका लगा और नाले में जा गिरा उसे पता ही नहीं चला।
सीसीटीवी देखने के बाद पुलिस भी इसी नतीजे पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक फुटेज में युवक के हाव-भाव देखकर लगता है कि वह नशे की हालत में था और अंधेरे की वजह से नाले के खुले हिस्से को देख नहीं पाया। इसी गफलत के दौरान वह सीधे गहरे पानी और गाद में समा गया। सूचना के बाद से ही थाना बारादरी पुलिस और रेस्क्यू टीमें सक्रिय है लेकिन पानी का बहाव और गंदगी तलाश में बड़ी बाधा बनी रही। मशीनों से निकाला जा रहा पानी रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है। दूसरे दिन सुबह से ही नगर आयुक्त की मौजूदगी में नगर निगम की बड़ी सक्शन मशीनों और पंपों के जरिए नाले का पानी निकाला जा रहा है। हालांकि समय बीतने के साथ उम्मीदें धूमिल होती जा रही हैं। अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस के लिए उसके परिजनों से संपर्क करना मुश्किल हो रहा है।

